हिंदी, अंग्रेजी के साथ अब नैतिक शिक्षा भी पढ़ेंगे विद्यार्थी

0
विदिशा। स्कूल से कॅालेज में आने वाले स्टूडेंट्स अब तीन साल तक कॉलेज में भी नैतिक शिक्षा का पाठ पढ़ेंगे। हर सेमेस्टर में फाउंडेशन कोर्स के पर्चे में हिंदी, अंग्रेजी के साथ नैतिक शिक्षा की पढ़ाई भी होगी और परीक्षा भी देना होगी। उच्च शिक्षा विभाग ने सत्र 2014-15 में पहले और दूसरे सेमेस्टर में हर विषय का नया पाठ्यक्रम लागू करने के निर्देश दिए हैं। 
खास बात यह है कि नए शिक्षा सत्र से हर सेमेस्टर (तीन साल में छह सेमेस्टर) में नैतिक शिक्षा और लेंग्वेज (हिंदी, अंग्रेजी) को अनिवार्य विषय बना दिया गया है। यह पहली बार है जब कॉलेज के पाठ्यक्रम में नैतिक शिक्षा को अनिवार्य विषय बनाकर इसे परीक्षा में शामिल किया गया है। फाउंडेशन कोर्स का दो भागों में बंटा पहला पर्चा दो अलग-अलग आंसर सीट में हल करना होगा।
पर्चा एक आंसर सीट दो
नए सत्र में पहले सेमेस्टर के पाठ्यक्रम के साथ परीक्षा प्रणाली में भी बदलेगी। फाउंडेशन कोर्स के पहले पर्चे में तीन विषय अनिवार्य होने से प्रश्नपत्र दो खंड में आएगा। पर्चा हल करने के लिए दो अलग-अलग आंसर सीट दी जाएंगी। पर्चे के 50 अंक के खंड में 15 अंक के नैतिक शिक्षा और हिंदी के 35 अंकों के प्रश्न होंगे जिन्हें एक आंसर सीट में हल करना होगा। दूसरी आंसर सीट में खंड में दिए अंग्रेजी के 35 अंकों के प्रश्न हल करना होंगे।
पहले यह होता था
सत्र 2014-15 से पहले फाउंडेशन कोर्स के पहले पर्चे में केवल हिंदी और अंग्रेजी विषय ही पढ़ाए जाते थे। हिंदी और अंग्रेजी भी केवल तीन तीन सेमेस्टर में ही पढ़े जाते थे। पहले, तीसरे, पांचवे सेमेस्टर में हिंदी और दूसरे, चौथे, छठवें सेमेस्टर में केवल अंग्रेजी पढ़ाई जाती थी। इससे स्टूडेंट लगातार किसी एक भाषा के अध्ययन से नहीं जुड़ पाते थे। हर सेमेस्टर में भाषा बदलकर पढऩा पड़ती थी। निरंतरता नहीं होने के कारण स्टूडेंट्स लेंग्वेज सब्जेक्ट में पिछड़ जाते थे। नैतिक मूल्यों का पाठ पढ़ाने के लिए व्याख्यान, संगोष्ठी जैसे कार्यक्रम होते थे लेकिन यह परीक्षा का विषय नहीं था।
अब यह होगा
बताया जाता है कि नए सत्र से नैतिक शिक्षा, हिंदी और अंग्रेजी लगातार छहों सेमेस्टर में पढ़ाए जाएंगे। फाउंडेशन कोर्स के पहले पर्चे में तीनों विषयों की सीसीई और लिखित परीक्षा भी होगी। छहों सेमेस्टर में पहले पर्चे की पांच यूनिट में पहली यूनिट नैतिक शिक्षा, दूसरी, तीसरी यूनिट हिंदी और चौथी, पांचवीं यूनिट अंग्रेजी विषय की होगी। 15 अंकों के सीसीई में तीनों विषयों के बराबर अंक रहेंगे। लिखित परीक्षा के पर्चे में 15 अंक का नैतिक शिक्षा और 35-35 अंकों के हिंदी और अंग्रेजी के प्रश्न होंगे। फाउंडेशन के दूसरे पर्चे में उद्यमिता विकास, पर्यावरणीय अध्ययन और बेसिक ऑफ कंप्यूटर क्रमश: दो-दो सेमेस्टर में पढ़ाए जाएंगे।
पाठ्यक्रम में परिवर्तन किया गया है
शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुशासन को बढ़ावा देने नए सत्र के पाठ्यक्रम में परिवर्तन किया गया है। केंद्रीय अध्ययन मंडल के बनाए पाठ्यक्रम को सत्र 2014-15 के पहले सेमेस्टर से लागू किया जाएगा। फाउंडेशन कोर्स में नैतिक शिक्षा और लेंग्वेज को छहों सेमेस्टर में अनिवार्य किया गया है।
डॉ. केएम जैन, विशेष कर्तव्यथ अधिकारी उच्च शिक्षा विभाग भोपाल
peoples samachar vidisha