ब्रेकर जला, रातभर बिजली ने किया परेशान

0
विदिशा(ब्यूरो)। बिजली कटौती ने
 लोगों का जीना मुहाल कर
 दिया है। रातभर में कई बार बिजली कटौती की जा रही है। इससे लोगों की नींद में खलल पड़ता है। रात को नींद ठीक से नहीं होने पर रोजमर्रा के काम पर उसका असर हो रहा है। कटौती ने बिजली कंपनी द्वारा किए गए प्री मानसून मेंटेनेंस की हकीकत को भी उजागर कर दिया है। मंगलवार-बुधवार की रात में कई घंटों तक बिजली ने परेशान किया। हालांकि इसका कारण बिजली कंपनी के जिम्मेदारों द्वारा 220 केवी फीडर का ब्रेकर जल जाना बताया जा रहा है। लेकिन ये एक रोज की बात नहीं है। आमतौर पर रात में रोजाना ही बिजली गुल हो जा रही है।
मंगलवार रात में करीब 11 बजे बिजली गुल हो गई थी। इसके बाद करीब एक घंटे तक बिजली आपूर्ति नहीं हुई। तेज बारिश में गुल हुई बिजली ने लोगों की परेशानी को और भी बढ़ा दिया था। सबसे ज्यादा परेशानी निचले इलाके में रहने वाले लोगों को हुई। अंधेरे में उन्हें घरों में पानी भरने और बरसाती कीड़ों का डर सताता रहा। वहीं गर्मी के कारण लोगों की हालत खराब हो गई। ये स्थिति आधे ये ज्यादा शहर में रही। कुछ इलाकों में तो करीब आधे घंटे बाद बिजली आ गई थी, वहीं कुछ इलाकों में रात करीब 1.30 बजे तक बिजली ने परेशान किया।
सुधारा ब्रेकर
बिजली कंपनी से मिली जानकारी के अनुसार रात में सब स्टेशन का 220 केवी ब्रेकर जल गया था। इस कारण लोगों को बिजली की परेशानी का सामना करना पड़ा। रात करीब 11 बजे से जल गया था। इसके बाद इसे ठीक करने की कवायद चलती रही। दो बार हुई टेस्टिंग के बाद बिजली की सप्लाई चालू हो सकी।
गर्मी में हुई परेशानी
बिजली से पीड़ित लोगों ने बताया कि रात में करीब दो घंटे तक हुई बिजली गुल के कारण गर्मी और बारिश ने उन्हें परेशान कर दिया था। ब्लाक कालोनी में रहने वाले गणेशराम दुबे ने बताया कि उनकी पत्नी का स्वास्थ खराब है। बिजली कटौती के कारण घर के पंखे बंद हो जाने के कारण उन्हें घबराहट होने लगी और तबीयत बिगड़ने लगी थी। यही हाल जेल रोड पर रहने वाले रामकुमार रघुवंशी का था। उन्हें उमस के कारण रात में उल्टी होने लगी थी।
हर दिन होती है कटौती
लोगों का कहना है कि एकाध बार तो किसी कारण से बिजली की कटौती चल जाती है, लेकिन रोजाना ही कुछ न कुछ बहाना बनाकर बिजली कंपनी के अधिकारी कटौती करते हैं। जब शिकायत करने के लिए फोन लगाओ तो पता चलता है कि कभी कहीं फाल्ट तो कभी कहीं फाल्ट हो गया है। आमतौर पर ये स्थिति शहर में बनती रहती है।
रात में ज्यादा परेशानी
बिन में बिजली कंपनी द्वारा यदि कटौती की जाती है तो ये सभी की नजरों में आ जाती है। इसलिए रात में 10 बजे के बाद ज्यादा कटौती की जाती है। इस समय के बाद अधिकांश लोग घर पहुंच जाते हैं और कोई विरोध नहीं कर पाता है। राजीव नगर, रायलसिटी, जेल रोड, दुर्गा नगर आदि इलाकों में रात करीब 12 बजे कटौती की जाती है।
मेंटेनेंस के नाम पर कटौती
गौरतलब है कि हर एक-दो महीने में बिजली कंपनी द्वारा मेंटेनेंस के नाम पर कई घंटों की कटौती की जाती है। करीब एक महीने पहले भी प्री मानसून बिजली के खंभो-केबल आदि का मेंटेनेंस किया गया था। इस दौरान एक हफ्ते तक शहर के अलग-अलग इलाकों में बिजली की कई घंटों की कटौती की गई थी।
वर्जन
रात में 220 केवी का ब्रेकर जल गया था। इस कारण कई इलाकों में परेशानी हुई। आमतौर पर कटौती नहीं की जाती है। तकनीकी फाल्ट आने के कारण बिजली गुल हो जाती है। मेंटेनेंस जरूरी है, इसलिए करना पड़ता है।
समीर शर्मा, डीई बिजली कंपनी